सीएए से देश में नहीं छिनेगी किसी की नागरिकता : मोदी

सीएए से देश में नहीं छिनेगी किसी की नागरिकता : मोदी



साहेबगंज (झारखंड) 17 दिसंबर  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और वामदलों पर नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर मुसलमानों को डराने का आरोप लगाते हुए आज दावा किया कि इस कानून से देश के हिंदू, मुसलमान, सिख, इसाई और पारसी किसी भी संप्रदाय के लोगों की नागरिकता पर कोई असर नहीं पड़ेगा।


भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता श्री मोदी ने यहां बरहेट विधानसभा क्षेत्र के भोगनाडीह में झारखंड विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए अपनी अंतिम चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, “कांग्रेस और वामदलों ने सीएए को लेकर मुसलमानों को डराने में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। लेकिन, मैं झारखंड में वीरों की इस धरती से देश और प्रत्येक नागरिक को फिर से आश्वस्त करना चाहता हूं कि इस कानून के प्रभावी होने से देश के किसी भी संप्रदाय के नागरिक चाहे वह हिंदू, मुसलमान, सिख, इसाई या पारसी हों की नागरिकता पर कोई असर नहीं पड़ेगा।”


श्री मोदी ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बंगलादेश में धार्मिक अत्याचार के शिकार हुए हिंदू, सिख, इसाई, पारसी, बौद्ध और जैन संप्रदाय के लोगों के भारत आने के लिए बनाया है। यह कानून उनके लिए बनाया गया है जो इन देशों में वर्षों से दयनीय स्थिति में हैं और उनके पास कोई रास्ता नहीं बचा है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, “मैं पूछना चाहता हूं कि इससे मुसलमान या देश के किसी भी नागरिक के अधिकार का हनन कहां होता है। यह कानून किसी भारतीय का अधिकार नहीं छीनता लेकिन फिर भी कांग्रेस एवं उसके सहयोगी मुसलमानों को डराकर राजनीतिक खिचड़ी पकाना चाहते हैंप्रधानमंत्री ने विरोधियों पर हमला करते हुए कहा कि दूर-दूर से इतनी बड़ी संख्या में लोग उन्हें और भाजपा को आशीर्वाद देने आए हैं। यही स्नेह और आशीर्वाद तो झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और देशभर के वामपंथियों को परेशान करता है, उनकी नींद हराम कर देता है। उन्हें और भाजपा को मिल रहा देश का प्यार इन्हें पच नहीं रहा है। इनको समझ ही नहीं आ रहा है कि जिन बातों को लेकर दशकों तक देश को इन लोगों ने डराया, वो बातें आखिर झूठ क्यों साबित हुई। अब सच उजागर हो कर आ गया कि यदि कहीं सबसे ज्यादा सुरक्षा है तो वो भाजपा की सरकारों में ही है।
श्री मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग के विकास के लिए काम किया है। देश के करोड़ों गरीब किसानों, खेत मजदूरों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और दुकानदारों को तीन हजार रुपये की पेंशन की सुविधा मिली है। करीब दो करोड़ गरीबों और झारखंड के 10 लाख गरीबों के लिए पक्के मकान बनाए गए। आयुष्मान भारत योजना के तहत हर वर्ष पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज भी देश के हर गरीब को मिल रहा है। इस योजना से पूरे देश के करीब 67 लाख और झारखंड के दो लाख से ज्यादा गरीब परिवारों का मुफ्त इलाज अबतक हो भी चुका है। यह सब सुविधाएं बिना भेदभाव के दी गई है।
प्रधानमंत्री ने झारखंड की रघुवर दास सरकार की उपलब्धियां गिनवाते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में सड़क और बिजली जैसे काम पर ध्यान दिया गया है। महिलाओं को शौचालय और गैस कनेक्शन की सुविधा दी गई। आने वाले पांच वर्षों में सरकार पूरे समर्पण भाव से पानी के लिए काम करने में जुटे हैं। वर्ष 2024 तक हर घर जल पहुंचे, इसके लिए सरकार काम कर रही है। आदिवासी बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए प्रत्येक प्रखंड में एकलव्य मॉडल स्कूल की स्थापना की जा रही है। भाजपा सरकार यहां रेशम उत्पादन की इकाइयों को सशक्त बनाने में जुटी हुई है। वन विभाग और जनजातीय विभाग मिलकर रेशम के उत्पादन और उसको नया बाजार देने के लिए काम करे, उसके लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। यहां के हज़ारों बुनकर परिवारों और हस्तशिल्पियों को पहली बार आइडी कार्ड दिये गये हैं। उनको मशीनों और कच्चे माल के लिए बैंकों से ऋण लेना अब आसान हुआ है। मुद्रा योजना के तहत उनको बिना गारंटी का ऋण मिल पा रहा है।
श्री मोदी ने कहा कि केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार हर वर्ग और संप्रदाय के हित में काम कर रही है। झारखंड सहित पूरे देश के करोड़ों किसान परिवारों के बैंक खातों में 36 हजार करोड़ रुपये सीधे जमा हो चुके हैं तो ये हर वर्ग, हर संप्रदाय के किसानों के खाते में जमा हुए हैं। झारखंड सहित देशभर की आठ करोड़ से अधिक बहनों को पहली बार मुफ्त गैस कनेक्शन मिला है। ये आदिवासी, पिछड़े, दलित और सामान्य वर्ग को भी मिला। हर पंथ, हर संप्रदाय के गरीबों को इसका लाभ मिला है। इस मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय जनजातीय मामले मंत्री अर्जुन मुंडा, बिहार के पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव समेत भाजपा के कई नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।